रांची: भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टीगेशन (CBI) ने दक्षिण पूर्व रेलवे, रांची के एक चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर (CCI) को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई बुधवार को की गई, जिससे रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है.

CBI के अनुसार आरोपी अधिकारी ने एक शिकायतकर्ता से लंबित बिलों के भुगतान को क्लियर करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी. शिकायतकर्ता के करीब 8.70 लाख रुपये के बिल लंबित थे, जिन्हें पास कराने के लिए आरोपी ने कुल राशि का 10 प्रतिशत रिश्वत मांगा था.
मामले की शिकायत मिलने के बाद सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टीगेशन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया और जांच शुरू की. जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी अधिकारी ने 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेने पर सहमति जताई थी.
इसके बाद CBI की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई. तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था, उसी समय टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया.
CBI ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही आरोपी के कार्यालय और आवास पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें.
अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना है. इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है.

