सरायकेला/ Pramod Singh रामनवमी पर्व को लेकर सरायकेला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है. इसी क्रम में थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में बुधवार को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया.

फ्लैग मार्च सरायकेला के प्रमुख चौक- चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों से गुजरते हुए ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचा. इस दौरान पुलिस बल ने आमजनों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने स्पष्ट कहा कि रामनवमी आस्था और श्रद्धा का पर्व है और इसे किसी भी कीमत पर अशांति का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और पर्व के दौरान चप्पे- चप्पे पर नजर रखी जा रही है.
उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने दो टूक कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
थाना प्रभारी ने आम नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने, अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रामनवमी को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

