सरायकेला: जिले के राजनगर प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत पाखनाडीह गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के भीतर करीब 5 फीट लंबा विषैला कोबरा सांप दिखाई दिया. सांप को देखते ही परिवार के लोगों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई.


जानकारी के अनुसार पाखनाडीह गांव निवासी मंटू महतो के घर में अचानक कोबरा सांप दिखाई दिया. घर के अंदर विषैले सांप की मौजूदगी की खबर पूरे गांव में फैल गई, जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. स्थिति को देखते हुए तत्काल सर्प मित्र राजा बारिक को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही सर्प मित्र राजा बारिक मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत और सूझबूझ के बाद उन्होंने कोबरा सांप को सुरक्षित पकड़ लिया. रेस्क्यू के दौरान ग्रामीणों की सांसें थमी रहीं, लेकिन अंततः सांप को बिना किसी नुकसान के काबू में कर लिया गया.
रेस्क्यू के बाद कोबरा को मानव बस्ती से दूर प्राकृतिक और सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया, ताकि लोगों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. घटना के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने सर्प मित्र राजा बारिक के साहस और तत्परता की सराहना की. लोगों का कहना था कि समय पर रेस्क्यू नहीं होता तो कोई बड़ी घटना भी हो सकती थी.
इस मौके पर सर्प मित्र राजा बारिक और समाजसेवी अजय कुमार गोप ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में सांप भोजन और सुरक्षित ठिकाने की तलाश में घरों के आसपास पहुंच जाते हैं. ऐसे में घर और आसपास की साफ- सफाई बनाए रखना जरूरी है.
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि झाड़ियों को साफ रखें, रात में टॉर्च का उपयोग करें और जमीन पर सोने वाले लोग मच्छरदानी का प्रयोग अवश्य करें. साथ ही यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे मारने की कोशिश न करें, बल्कि तत्काल प्रशिक्षित सर्प मित्र या संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

