जामताड़ा: जिले के नाला- आसनसोल मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद युवक सड़क किनारे बेहोश अवस्था में पड़ा मिला. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.


जानकारी के अनुसार हादसा पाथरघाटा मोड़ स्थित ग्रीन होटल (भियु) के समीप हुआ. बताया जा रहा है कि बाघाकुड़ी गांव निवासी लखिश्वर टुडु अपने छोटे भाई के साथ नाला प्रखंड मुख्यालय आया था. दोनों आधार कार्ड बनवाने का काम पूरा कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान पाथरघाटा मोड़ के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक लखिश्वर टुडु गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ सवार छोटे भाई को मामूली चोटें आईं. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल घायल युवक को सड़क किनारे से उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नाला पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया.
चिकित्सक डॉ. डीके सिंह ने बताया कि युवक के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है.
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और बाद में परिजनों को सौंप दिया. हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. मौके पर एएसआई चंदन कुमार सिंह, भीम हाजरा, आरिफ अंसारी, दयामणि डुंगडुंग सहित पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के कर्मी मौजूद रहे. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

