पलामू: जिले के पांकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.



पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई गांव में एक युवक अवैध हथियार के साथ संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी कर कार्रवाई की.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली. तलाशी में उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. अरमान आलम (20 वर्ष), पिता मो. मसीह, निवासी ग्राम तेतराई, थाना पांकी, जिला पलामू के रूप में हुई है.
पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है. आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





