कांड्रा: पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार सुबह कांड्रा स्थित एसकेजी (SKG) मैदान में कांड्रा मंदिर कमिटियों की ओर से पौधारोपण अभियान चलाया गया. अभियान के तहत करीब 100 पौधों का रोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.



कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू उपस्थित रहे. उन्होंने पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की.
इस पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में बप्पा पात्रा एवं गिरीश वार्ष्णेय की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही. दोनों की पहल एवं सक्रिय सहयोग से कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया. उपस्थित लोगों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया.
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन के इस दौर में पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है. यदि प्रत्येक नागरिक प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है.
मंदिर कमिटी के सदस्यों ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरित कांड्रा के निर्माण की दिशा में एक सकारात्मक पहल है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे. कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





