सिमडेगा: जिले के बोलबा थाना क्षेत्र के पालेमुंडा कुम्हारटोली गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. बड़े भाई ने अपने बेटों के साथ मिलकर छोटे भाई की तलवार और चाकू से हमला कर हत्या कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.



पुलिस के अनुसार, पालेमुंडा कुम्हारटोली निवासी बसंत महतो और उनके छोटे भाई भुनेश्वर महतो के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. शनिवार सुबह भुनेश्वर महतो ने अपनी जमीन पर हल चलते देखा और इसका विरोध किया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया.
आरोप है कि कुछ देर बाद बसंत महतो अपने बेटों के साथ हथियार लेकर भुनेश्वर महतो के घर पहुंचा और तलवार तथा चाकू से हमला कर दिया. हमले में भुनेश्वर महतो की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही बोलबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक के पुत्र परशुराम महतो के आवेदन पर नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बसंत महतो, राजपति महतो, श्याम महतो और लालजी महतो को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तलवार और चाकू भी बरामद कर लिया गया है.
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





