जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र स्थित पुराने कोर्ट के समीप बुधवार को एक तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई.



घायल युवक की पहचान डिमना निवासी अमन गुप्ता के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी काफी दूर तक घिसट गई और युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया.

सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

हादसे के कारण कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.





