जमशेदपुर: मानगो की सफाई व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. 27 जुलाई को मानगो में सफाई व्यवस्था की कथित बदहाली के खिलाफ विधायक सरयू राय द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले ही मेयर सुधा गुप्ता के समर्थकों ने मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने विधायक सरयू राय पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए उनके प्रस्तावित आंदोलन के उद्देश्य पर सवाल उठाए हैं.



इसी क्रम में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के आप्त सचिव ओम प्रकाश सिंह ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर विधायक सरयू राय और जीएनएसी के उपनगर आयुक्त कृष्ण कुमार की कार्यशैली पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक सरयू राय धरना-प्रदर्शन के जरिए अपने एक पसंदीदा संवेदक (ठेकेदार) के रुके हुए बिल का भुगतान कराने के लिए दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि जनता के हितों की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है.
ओम प्रकाश सिंह ने दावा किया कि मेयर सुधा गुप्ता के नेतृत्व में मानगो क्षेत्र में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है. इसके अलावा टाटा स्टील यूटिलिटी सर्विसेज (टीएसयूएस) द्वारा भी नालों की सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है. ऐसे समय में सफाई व्यवस्था को लेकर आंदोलन करना उचित नहीं है.
उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में सफाई कार्य तेजी से चल रहा है, तब भी विधायक द्वारा विरोध प्रदर्शन की घोषणा किए जाने से उनके आंदोलन की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं.
हालांकि, विधायक सरयू राय की ओर से इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. 27 जुलाई को प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर मानगो की राजनीति में सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





