आदित्यपुर: हरिओम नगर में रविवार को समाजसेवी रघुनाथ प्रसाद सिंह के श्राद्धकर्म का आयोजन किया गया. शाम छह बजे आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों से जुड़े बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.



श्राद्धकर्म में आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक सरयू पासवान, अधिवक्ता संजय कुमार, मजदूर नेता ओमप्रकाश, शिक्षाविद अनिल कुमार, सत्येंद्र प्रभात, प्रमोद गुप्ता, मिथिलेश झा, योगेंद्र गुप्ता, कृष्ण प्रसाद, नरेश यादव सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

मौके पर वक्ताओं ने कहा कि रघुनाथ प्रसाद सिंह सामाजिक सरोकारों से जुड़े एक सक्रिय और समर्पित व्यक्तित्व थे. उन्होंने आदित्यपुर- गम्हरिया विकास समिति के वरीय पदाधिकारी के रूप में क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों पर लगातार कार्य किया. वे शहीद रामछवि सिंह के विचारों से प्रेरित होकर समाजसेवा के क्षेत्र में लंबे समय तक सक्रिय रहे.
वक्ताओं ने कहा कि रघुनाथ प्रसाद सिंह राष्ट्रीय जनता दल तथा कुशवाहा समाज से भी जुड़े रहे और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज उठाने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई. उनके निधन से क्षेत्र ने एक सक्रिय समाजसेवी को खो दिया है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी.
श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की.





