जमशेदपुर: मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड संख्या-3 स्थित जाकिर नगर निवासी 34 वर्षीय जाकिर आलम का शव बरामद होने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. जाकिर आलम पेशे से ऑटो चालक थे और 2 अगस्त से लापता थे. परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका.



सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने शव की पहचान जाकिर आलम के रूप में की.
मृतक की पत्नी ने बताया कि जाकिर आलम 2 अगस्त को घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला. परिवार के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी, कर्ज के बोझ और पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में थे. परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी वजह से उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठाया होगा. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस ने कहा है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





