रांची: झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 17 अधिकारियों के तबादला और पदस्थापन की अधिसूचना जारी की है. जारी आदेश के अनुसार यह सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं.


सूची के अनुसार 2013 बैच के आईएएस राजीव रंजन को पूर्वी सिंहभूम का जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त बनाया गया है. 2014 बैच के संदीप कुमार को लातेहार का डीसी नियुक्त किया गया है.
इसी क्रम में 2015 बैच के अनन्य मित्तल को गढ़वा और दिलेश्वर महतो को गुमला का उपायुक्त बनाया गया है. 2016 बैच की मेघा भारद्वाज को पाकुड़ तथा लोकेश मिश्रा को गोड्डा की जिम्मेदारी सौंपी गई है. 2017 बैच के शशि प्रकाश सिंह को देवघर, उत्कर्ष गुप्ता को कोडरमा और हेमंत सती को हजारीबाग का उपायुक्त बनाया गया है. वहीं 2018 बैच के मनीष कुमार को पश्चिम सिंहभूम, ऋतुराज को रामगढ़ और रवि आनंद को चतरा का डीसी नियुक्त किया गया है.
2019 बैच के अधिकारियों में दीपक दुबे को साहिबगंज, दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को पलामू, सौरभ कुमार भुवानिया को खूंटी, संदीप कुमार मीणा को लोहरदगा और आलोक कुमार को जामताड़ा का जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त बनाया गया है. सरकार की ओर से जारी यह आदेश प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया कदम माना जा रहा है.

