बिहार: वैशाली जिले के राघोपुर क्षेत्र में मंगलवार को गंगा नदी में यात्रियों से भरी नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में आठ लोगों की मौत की खबर है, जिनमें अधिकांश बच्चे बताए जा रहे हैं. हालांकि प्रशासन की ओर से मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है.


घटना रामपुर श्यामचंद गांव की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार गांव के करीब 20 से 30 लोग नाव पर सवार होकर भोज में शामिल होने पड़ोसी गांव जा रहे थे. इसी दौरान गंगा नदी में नाव पलट गई और उस पर सवार लोग पानी में गिर गए.
हादसे की सूचना मिलते ही डीएम, एसपी समेत जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए. नदी से निकाले गए लोगों को इलाज के लिए एनएमसीएच भेजे जाने की जानकारी सामने आई है. राहत एवं बचाव कार्य जारी है.
बताया जा रहा है कि गंगा के बढ़े जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने निजी नावों के परिचालन पर रोक लगा रखी थी. इसके बावजूद नाव का परिचालन कैसे हो रहा था, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. हादसे के वास्तविक कारण और नाव पर सवार लोगों की सही संख्या की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

