धनबाद: एसीबी की टीम ने गिरिडीह के गावा स्थित अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी आलोक शंकर त्रिगुनाईक को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. उसकी गिरफ्तारी उसके घर से की गई. एसीबी धनबाद का यह इस साल का आठवां ट्रैप है.

एसीबी धनबाद के एएसपी विनोद कुमार महतो ने बताया कि गिरिडीह अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मी जमीन के दाखिल- खारिज के एवज में शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था. शिकायत का सत्यापन करने के बाद छापामारी दल का गठन किया गया. शुक्रवार को आलोक शंकर त्रिगुनाईक के आवास पर दबिश दी गई, जहाँ उसे 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार करने के बाद अभियुक्त के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है. शनिवार को कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया जाएगा.

