जामताड़ा: चित्तरंजन रेलवे स्टेशन के समीप रविवार को रेलवे ट्रैक से एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरने की आशंका जताई जा रही है.



जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है. उसका शव रेलवे लाइन के पोल संख्या 236/29 और 236/31 के बीच खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला. सूचना मिलने के बाद जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की.
पुलिस के अनुसार, मृतक का एक हाथ कटा हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया ट्रेन से गिरने की आशंका व्यक्त की जा रही है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.
जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस उसकी पहचान कराने के लिए आसपास के थानों और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटा रही है.
राजकीय रेल पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान करता है या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता है, तो तत्काल जीआरपी चित्तरंजन से संपर्क करें. पहचान की पुष्टि और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





