जामताड़ा/ Manish Baranwal शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार सुभाष चौक से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. बीती रात बेखौफ चोरों ने शुभम ज्वेलर्स नामक दुकान को अपना निशाना बनाया और लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा और भय का माहौल है. दुकान के मालिक मनोज वर्मा ने बताया कि रविवार की रात वह रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद कर घर गए थे. सोमवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे और शटर उठाया, तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.

दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खाली थीं. चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से में लगे वेंटिलेटर को तोड़कर भीतर प्रवेश किया था. दुकानदार के शुरुआती आकलन के मुताबिक, चोरों ने करीब 5 किलोग्राम चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए हैं. वर्तमान बाजार दर के अनुसार, चोरी गए सामान की कीमत लगभग 12 से 13 लाख रुपये बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके. दुकानदार मनोज वर्मा ने बताया कि यह उनके साथ दूसरी बड़ी वारदात है. इससे पहले ठीक 15 साल पूर्व भी उनकी इसी दुकान में बड़ी चोरी हुई थी. व्यस्ततम इलाका होने के बावजूद इस तरह की वारदात ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी की मांग की है.

