नीमडीह: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत राजस्व ग्राम कुशपुतुल के ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं ने गांव की चार सूत्री जनहित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ईचागढ़ विधायक सविता महतो को आवेदन सौंपा. आवेदन के माध्यम से ग्रामीणों ने गांव की बुनियादी समस्याओं से विधायक को अवगत कराते हुए जल्द से जल्द समाधान कराने की मांग की है.


ग्रामीणों के अनुसार, गांव की इन समस्याओं से करीब तीन हजार लोग प्रभावित हैं. ग्रामीणों ने अपनी पहली मांग के तहत कुशपुतुल-चांडिल मुख्य सड़क के लगभग 800 मीटर जर्जर हिस्से का शीघ्र पक्कीकरण कराने की मांग की है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
दूसरी मांग रोड साइड सिरका डायरेक्ट ट्रांसफार्मर से आने वाली बिजली लाइन को दुरुस्त कराने की है. ग्रामीणों ने बताया कि बिजली का तार कृष्ण पद महतो के घर की छत से सटकर गुजर रहा है. वहीं, दूसरा तार तालाब के ऊपर एक पेड़ से सटकर गुजर रहा है. पेड़ के संपर्क में दोनों तारों के आने की आशंका बनी हुई है. ग्रामीणों ने सुरक्षा की दृष्टि से तीन से चार बिजली के खंभे लगाने और तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित करने की मांग की है.
तीसरी मांग वामनी नदी के सोगड़ा घाट पर पुलिया निर्माण कराने की है. ग्रामीणों ने बताया कि कुशपुतुल गांव को एनएच-18 से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर पुलिया निर्माण का टेंडर पूरा होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है. बरसात के दिनों में ग्रामीणों का संपर्क प्रभावित हो जाता है. वहीं, वैकल्पिक रास्ते से आवागमन करने पर जंगली हाथियों का खतरा बना रहता है.
चौथी मांग नदी किनारे उपयुक्त स्थान पर मुक्ति धाम का निर्माण कराने की है, ताकि ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए व्यवस्थित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सके.
ग्रामीणों ने विधायक सविता महतो से चारों मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक पहल करने और समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आग्रह किया है. आवेदन की प्रतिलिपि नीमडीह अंचल अधिकारी एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी भेजी गई है.
इस दौरान समीर कुमार महतो, रुबाश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

