सरायकेला: कुचाई प्रखंड के तिलोपदा पंचायत स्थित सामुडीह फुटबॉल मैदान में यूनिट स्टार क्लब के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ. प्रतियोगिता में कोल्हान क्षेत्र की 64 टीमों ने हिस्सा लेकर अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया. फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण समारोह में खरसावां विधायक दशरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.



समापन समारोह के दौरान विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है.
जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है. उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, एकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है तथा उन्हें नशामुक्त और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करता है.
विधायक ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार खेल प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रही है. उन्होंने बताया कि विभिन्न खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार चतुर्थ वर्ग की सरकारी नौकरी भी उपलब्ध करा रही है.
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सालुका एफसी जोजोडीह और हेंब्रम ब्रदर्स के बीच खेला गया. दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. रोमांचक मुकाबले में सालुका एफसी जोजोडीह ने हेंब्रम ब्रदर्स को हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया.
विजेता टीम सालुका एफसी जोजोडीह को 40 हजार रुपये नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और मेडल प्रदान किया गया. वहीं उपविजेता हेंब्रम ब्रदर्स को 23 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया. तीसरे स्थान पर रही कुसतुईया टीम को 12 हजार रुपये तथा चौथे स्थान पर रही पुतुलपीड टीम को भी 12 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. इसके अलावा पांचवें स्थान पर रही बीएस ब्रदर्स और छठे स्थान पर रही मनोहरपुर की टीम को 8,500-8,500 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किए गए.
मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया.
कार्यक्रम में जिला संगठन सचिव राहुल सोय, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, मुखिया राम सोय, रामलाल सोय, मंगल सिंह सोय, रायसिंह मुंडा, श्यामलाल सोय, विकास गोप, जामुदा सोय, सुखराम सोय, बिरसा सोय, विरेंद्र सोय, अमृत सोय, मोरन सिंह सोय, मंगल हासदा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे.





