जामताड़ा: सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के रुपनारायणपुर में विवाहेतर संबंध के शक ने एक युवक की जान ले ली. पश्चिम बंगाल के सालानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हिंदुस्तान केबल्स की ओल्ड कॉलोनी में बुधवार शाम एक युवक को कथित तौर पर घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान अशोक कुमार सिंह उर्फ विक्की के रूप में हुई है. घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है.


पत्नी से नजदीकी का था शक, घर लौटते ही शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, विक्की की पत्नी और दो बच्चे दिल्ली में रहते हैं. विक्की कभी-कभार हिंदुस्तान केबल्स स्थित अपने क्वार्टर में रहने आता था. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले मंटू यादव को अपनी पत्नी और विक्की के बीच कथित नजदीकी होने का संदेह हो गया था. इसी शक को लेकर दोनों के बीच पहले से तनाव की स्थिति बनी हुई थी. बताया जाता है कि बुधवार शाम मंटू यादव को सूचना मिली कि विक्की उसके घर में मौजूद है. यह खबर मिलते ही मंटू काम छोड़कर घर पहुंच Sगया। इसके बाद घर के अंदर विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. मंटू यादव और उसके कुछ साथियों ने कथित तौर पर विक्की को बंधक बना लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की.
बंधक बनाकर की गई पिटाई, अस्पताल ले जाने के दौरान मौत
मृतक की बुआ ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विक्की को साजिश के तहत घर बुलाया गया था. वहां उसे बांधकर बेरहमी से प्रताड़ित किया गया. मारपीट में विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया. उसकी हालत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में पहले पिठाकियारी अस्पताल ले जाया गया. वहां से बेहतर इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया.
दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर
घटना की सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरेंद्र यादव और दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, मंटू यादव की पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है. मुख्य आरोपी मंटू यादव समेत अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. आखिर किस परिस्थिति में विक्की को मंटू के घर बुलाया गया, मारपीट में कौन-कौन शामिल था और हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या विवाद के दौरान ही वारदात हुई, इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

