बोकारो: चास के गरगा पुल के समीप स्थित शनि मंदिर में बाबा के साथ कथित मारपीट और उनके वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. आरोप है कि करीब 9 से 10 युवक मंदिर में घुसे और बाबा के साथ मारपीट की. बीच-बचाव करने पहुंचे कुछ स्थानीय लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है.



घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग मारपीट और तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि वीडियो में दिख रहे घटनाक्रम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुलिस जांच की जानी बाकी है.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भाग रहे युवकों में से एक को पकड़ लिया. इसी दौरान आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में पकड़े गए युवक की पिटाई कर दी. टाइगर मोबाइल के जवानों ने हस्तक्षेप कर युवक को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला.
घायल बाबा को पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. मंदिर में मारपीट की घटना किस वजह से हुई, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा
देखिए video

