गम्हरिया: औद्योगिक क्षेत्र में स्थित श्यामलाल आयरन एंड स्टील कंपनी में लाखों रुपये के कॉपर केबल की चोरी का मामला सामने आया है. घटना को लेकर कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत प्रमोद मंडल ने गम्हरिया थाना में लिखित आवेदन देकर जांच और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है.


थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार घटना 28-29 अक्टूबर की रात की है. शिकायतकर्ता का कहना है कि रात्रि ड्यूटी के दौरान अज्ञात चोरों ने कंपनी की बंद पड़ी बिल्डिंग को निशाना बनाया. आरोप है कि चोर बिल्डिंग की छत के रास्ते अंदर घुसे और वहां रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया.
करीब 3.5 लाख के सामान की चोरी का दावा
शिकायतकर्ता के अनुसार चोर कंपनी से करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य का तांबे का केबल चोरी कर ले गए. इसके अलावा करीब एक लाख रुपये मूल्य के तांबा, केबल एवं अन्य सामान की भी चोरी होने की बात आवेदन में कही गई है. इस तरह चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है.
घटना के बाद कंपनी परिसर में ताला टूटा हुआ पाए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है. चोरी का पता चलने के बाद इसकी जानकारी संबंधित लोगों को दी गई और गम्हरिया थाना में लिखित शिकायत की गई.
औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा पर फिर सवाल
कंपनी परिसर से लाखों रुपये के सामान की चोरी की शिकायत के बाद औद्योगिक क्षेत्र में रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. भारी मात्रा में कॉपर केबल और तांबे जैसे सामान को कंपनी परिसर से बाहर ले जाने में कितने लोग शामिल थे और चोरी का सामान किस रास्ते से बाहर निकाला गया, यह पुलिस जांच का अहम बिंदु हो सकता है. शिकायतकर्ता प्रमोद मंडल ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर चोरों की पहचान, चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही चोरी की वास्तविक मात्रा, नुकसान और घटना में शामिल लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

