जामताड़ा: जिला अंतर्गत फतेहपुर थाना क्षेत्र के जामजोरी पंचायत में एक प्रेमी युगल के मामले का पुलिस ने सूझबूझ और समझदारी से शांतिपूर्ण समाधान करा दिया. थाना प्रभारी अमर सिंह तापेय की पहल पर दोनों पक्षों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में नवविवाहित जोड़े को समझा-बुझाकर परिजनों के साथ घर भेज दिया गया.

मिली जानकारी के अनुसार मोहलबना गांव निवासी 21 वर्षीय विशाल टुडू और मधुवाचक गांव की 20 वर्षीय एकादशी भंडारी के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था. दोनों एक-दूसरे से विवाह करना चाहते थे, लेकिन अलग जाति होने के कारण परिजन इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे.
परिवार की नाराजगी के बीच दोनों घर छोड़कर उत्तर प्रदेश चले गए, जहां मंदिर में विवाह कर लिया. इधर युवती के पिता गुणाधर भंडारी ने 21 मई को फतेहपुर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि युवक उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि दोनों अपनी मर्जी से साथ गए थे और विवाह किया है. पुलिस द्वारा दस्तावेजों की जांच में दोनों बालिग पाए गए.
रविवार को प्रेमी युगल फतेहपुर थाना पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के अभिभावकों एवं ग्रामीणों को बुलाकर थाना प्रभारी अमर सिंह तापेय ने समझौता वार्ता कराई. काफी समझाने-बुझाने के बाद दोनों परिवार इस रिश्ते को स्वीकार करने के लिए तैयार हो गए. इसके बाद पुलिस ने नवविवाहित जोड़े को परिजनों के साथ घर भेज दिया.
थाना परिसर में पूरे मामले का शांतिपूर्ण तरीके से निपटारा होने पर ग्रामीणों ने भी संतोष जताया. थाना प्रभारी की पहल की लोगों ने सराहना करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द और संवेदनशील पुलिसिंग का उदाहरण बताया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



