जामताड़ा/ Manish Baranwal चितरंजन शहर में शनिवार दोपहर एक 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. परिजन उसे अचेत अवस्था में इलाज के लिए केजी. अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार अरविंद नगर (1), सालानपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी को करीब 12:45 बजे अस्पताल लाया गया था.

डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू करते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया, लेकिन सभी प्रयास विफल रहे. चिकित्सकों के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची. एएसआई अनिरुद्ध गड़ाई समेत अन्य अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के मॉर्ग में सुरक्षित रख दिया है. अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

