चांडिल: सिंहभूम कॉलेज चांडिल में स्नातक (UG) सत्र 2026- 30 में सीटों की कटौती को लेकर छात्र संगठन ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) ने आंदोलन का ऐलान किया है. संगठन का दावा है कि सीटों की कमी के कारण क्षेत्र के बड़ी संख्या में विद्यार्थी नामांकन से वंचित हैं. सभी वंचित विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित करने की मांग को लेकर शनिवार, 12 सितंबर को सिंहभूम कॉलेज परिसर में धरना- प्रदर्शन किया जाएगा.


AIDSO सिंहभूम कॉलेज कमेटी के सचिव राजा प्रमाणिक ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस समस्या को लेकर पूर्व में कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपा गया था. इसके अलावा राज्यपाल और विश्वविद्यालय प्रशासन को ईमेल के माध्यम से भी सीटें बढ़ाने की मांग से अवगत कराया गया. संगठन का आरोप है कि अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है.
सिंहभूम कॉलेज कमेटी के इंचार्ज सह जिला सचिव युधिष्ठिर प्रमाणिक ने कहा कि सिंहभूम कॉलेज चांडिल अनुमंडल क्षेत्र का प्रमुख डिग्री कॉलेज है और आसपास के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए इस पर निर्भर हैं. सीटों में कमी का सबसे अधिक असर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर पड़ रहा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत घाटशिला के एक कॉलेज में विद्यार्थियों के नामांकन की व्यवस्था की गई, जबकि सिंहभूम कॉलेज चांडिल में विद्यार्थियों को नामांकन से वंचित रहना पड़ रहा है. संगठन ने इसे विद्यार्थियों के साथ भेदभाव बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है.
AIDSO की मुख्य मांग है कि सिंहभूम कॉलेज में स्नातक की सीटों में तत्काल बढ़ोतरी कर नामांकन से वंचित सभी पात्र विद्यार्थियों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू की जाए. संगठन ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर आने वाले दिनों में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जा सकता है. संगठन ने प्रभावित विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षा से जुड़े लोगों से 12 सितंबर के धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है.

