चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड सह अंचल कार्यालय में शनिवार को SIR फॉर्म जमा करने और दस्तावेजों को लेकर चौड़ा के कुछ ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया. नाराज ग्रामीण प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठ गए. स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.


ग्रामीणों का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के अलावा अन्य कागजात जमा करने के लिए भी उन पर दबाव बनाया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि वे खेती- बाड़ी और रोजगार का काम छोड़कर लगातार प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं. कभी एक दस्तावेज तो कभी दूसरा दस्तावेज मांगे जाने के कारण उन्हें बार-बार वापस लौटना पड़ रहा है.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आवश्यक कागजात लेकर कार्यालय पहुंचने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है. इससे नाराज ग्रामीण शनिवार को प्रखंड कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए और SIR प्रक्रिया में स्पष्टता लाने तथा निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर ही फॉर्म स्वीकार करने की मांग करने लगे.
प्रभारी सीओ ने कहा- नियम के विरुद्ध नहीं होगा कोई काम
मामले को लेकर प्रभारी अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने ग्रामीणों के आरोपों के बीच प्रशासन का पक्ष स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से जो निर्देश प्राप्त हैं, उसी के अनुरूप पूरी प्रक्रिया की जा रही है. नियम के विरुद्ध कोई प्रक्रिया नहीं अपनाई जाएगी.
उन्होंने माना कि प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों से अलग जाकर ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जा सकता, जिससे बाद में प्रक्रिया पर सवाल खड़े हों. प्रभारी सीओ ने बताया कि पूरे मामले से वरीय अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है. वहां से जैसा निर्देश प्राप्त होगा, उसी के अनुरूप आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.
पात्र मतदाताओं का नाम हर हाल में जुड़ेगा- सीओ
प्रभारी सीओ अभय कुमार द्विवेदी ने धरने पर बैठे ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जो भी व्यक्ति पात्र मतदाता हैं, उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग बनाए रखने और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की अपील की. इधर, ग्रामीण अपनी मांग को लेकर प्रखंड कार्यालय के सामने डटे रहे. किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसे देखते हुए पुलिस बल को तैनात रखा गया है.
गौरतलब है कि झारखंड में मतदाता सूची से संबंधित SIR प्रक्रिया के तहत मतदाताओं के विवरण और पात्रता से जुड़े दस्तावेजों की प्रक्रिया चल रही है. ऐसे में कुकड़ू में दस्तावेजों को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी सामने आने के बाद मामला प्रशासनिक स्तर तक पहुंच गया है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

