सरायकेला: आगामी गणेश पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सरायकेला- खरसावां पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेगी. पूजा के दौरान कानून- व्यवस्था बिगाड़ने, माहौल खराब करने अथवा किसी तरह का खलल डालने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस तत्काल और कड़ी कार्रवाई करेगी. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को इसे लेकर सख्त निर्देश दिए हैं.


एसपी मनोज स्वर्गियारी की अध्यक्षता में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में दोनों अनुमंडलों के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक, सभी थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और अंचल निरीक्षक मौजूद रहे. बैठक में अगस्त माह में दर्ज आपराधिक मामलों, लंबित कांडों की वर्तमान स्थिति, उनके निष्पादन, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और आगामी गणेश पूजा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई.
पूजा पंडाल से संवेदनशील इलाकों तक रहेगी विशेष निगरानी
एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि गणेश पूजा के दौरान जिले के सभी पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाए. थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित गश्ती के साथ पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करें. पूर्व से चिह्नित असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी निगरानी रखने को कहा गया है.
एसपी ने कहा कि गणेश पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है. किसी व्यक्ति या समूह द्वारा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने अथवा माहौल खराब करने की कोशिश की जाती है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए. उन्होंने थाना प्रभारियों को छोटी से छोटी सूचना को भी गंभीरता से लेने और समय रहते आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया.
थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने का निर्देश
एसपी ने साफ किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. सभी थाना और ओपी प्रभारी अपने क्षेत्र की गतिविधियों से लगातार अपडेट रहें. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के साथ गश्ती व्यवस्था को मजबूत किया जाए.
पुलिस अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत करने का भी निर्देश दिया गया. इसका उद्देश्य किसी संभावित विवाद या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की जानकारी पुलिस तक समय रहते पहुंचाना और स्थिति बिगड़ने से पहले कार्रवाई सुनिश्चित करना है.
लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में अगस्त माह के दौरान दर्ज मामलों और उनके निष्पादन की थाना वार समीक्षा की गई. एसपी ने लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने और गंभीर मामलों की जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए वांछित एवं फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने तथा थाना स्तर पर सूचना तंत्र को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित मामलों को अनावश्यक रूप से लंबा न खींचा जाए और जांच प्रक्रिया को निर्धारित कानूनी प्रावधानों के तहत तेजी से आगे बढ़ाया जाए.
सड़क हादसों पर भी एसपी गंभीर
अपराध समीक्षा बैठक में जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाएं भी एसपी के एजेंडे में रहीं. उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. वाहन जांच अभियान को प्रभावी बनाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया. एसपी ने तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए थाना स्तर पर लगातार अभियान चलाने पर जोर दिया. इसके साथ ही आम लोगों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने को कहा गया.
अपराध नियंत्रण से त्योहार तक, लापरवाही पर सख्त संदेश
बैठक के जरिए एसपी मनोज स्वर्गियारी ने जि के पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, सड़क सुरक्षा और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी. उन्होंने थाना एवं ओपी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने, पुलिस की दृश्य मौजूदगी बढ़ाने और प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. गणेश पूजा को लेकर विशेष रूप से कहा गया कि शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)

