सरायकेला: राजबांध में शनिवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने 15 वर्षीय अमन अंसारी की जिंदगी छीन ली. सड़क पार कर रहे अमन को पहले तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मारी. टक्कर से वह उछलकर सड़क की दूसरी ओर जा गिरा. इसी दौरान पीछे से आ रही टाटा मैजिक की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में कोहराम मच गया.


घटना सरायकेला थाना क्षेत्र के राजबांध में शनिवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार अमन अपने चाचा के काम में हाथ बंटाता था. शनिवार को वह दुकान से कुछ सामान लेने आया था. सामान लेकर सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमन सड़क की दूसरी ओर जा गिरा. इसी बीच पीछे से आ रही टाटा मैजिक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए.
अमन की मौत के बाद फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरे लोग
अमन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. इधर घटना से आक्रोशित स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और मार्ग जाम कर दिया. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए तेज रफ्तार के साथ राजबांध की बदहाल सड़क को भी जिम्मेदार ठहराया है. उनका आरोप है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं. इसके बावजूद वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है, जिससे यहां हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है.
सवाल- आखिर कब तक रफ्तार और गड्ढों की कीमत जान देकर चुकाएंगे लोग ?
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है.
राजबांध के इस हादसे ने एक परिवार से उसका 15 वर्षीय बच्चा छीन लिया है. साथ ही सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं. अब सवाल यह है कि प्रशासन इस हादसे के बाद स्थायी सुरक्षा उपाय करता है या व्यवस्था फिर किसी दूसरे हादसे के बाद ही जागेगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)

