जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में ईद- उल- फितर के अवसर पर उत्साह, उल्लास और भाईचारे का अद्भुत नजारा देखने को मिला. शनिवार सुबह हल्की बारिश के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और हजारों की संख्या में अकीदतमंद नमाज अदा करने ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचे.

बारिश के कारण कुछ स्थानों पर नमाज के समय में बदलाव करते हुए सुबह 9 बजे नमाज अदा की गई, जबकि कई जगहों पर निर्धारित समय पर ही नमाज संपन्न हुई. नमाज के दौरान हजारों हाथ एक साथ दुआ के लिए उठे और अमन, शांति तथा भाईचारे की कामना की गई.
जिले के न्यू टाउन, पाकडीह, सरखेलडीह, राजबाड़ी, जीतूडंगाल, धांधड़ा, चेंगायडीह, बुधुडीह, पोसोई, नाराडीह, मोहड़ा, शहरपुरा, बेवा धनवाद, मियांडीह, चिरूनबांध, श्यामपुर और मेझिया समेत कई इलाकों में ईद की नमाज अदा की गई. हर जगह बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने त्योहार की भव्यता को और बढ़ा दिया.
नमाज के बाद लोगों ने एक- दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी. बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला. नए कपड़े, मिठाइयों और खिलौनों के साथ उन्होंने इस त्योहार का भरपूर आनंद उठाया.
ईदगाह कमेटियों द्वारा नमाज के लिए बेहतर व्यवस्था की गई थी. साफ-सफाई, पेयजल और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई. नमाज के बाद जरूरतमंदों के बीच जकात का वितरण भी किया गया. इस मौके पर पाकडीह व सरखेलडीह जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अख्तर रजा ने सभी को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि हर साल की तरह इस बार भी ईद की नमाज शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. उन्होंने प्रशासन की मुस्तैदी और सहयोग की सराहना की.
कुल मिलाकर जामताड़ा में ईद का यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और भाईचारे का मजबूत संदेश भी दे गया.

