जामताड़ा/ Manish Baranwal शहर के न्यू पांडेडीह मोहल्ले से 10 वर्षीय मासूम बच्ची चंदा मुंडा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है, जिसके बाद से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है.
जानकारी के अनुसार, चंदा मुंडा मूल रूप से गुमला जिले की रहने वाली है और जामताड़ा में अपनी ममेरी बहन प्रतिमा रजनी तिर्की के साथ रहती थी, जो पेशे से शिक्षिका हैं.

गुरुवार शाम करीब 5 बजे चंदा घर के पास खेलने के लिए निकली थी. प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, खेल के दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए चंदा पास ही एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गई थी. लेकिन जब बारिश थमने के बाद भी वह काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई.
काफी खोजबीन के बावजूद जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो तुरंत जामताड़ा पुलिस को सूचना दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अलर्ट हो गई है. थाना प्रभारी ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है. मोहल्ले और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. इसके साथ ही संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी और पूछताछ का दौर जारी है.
पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को बच्ची के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें. वहीं परिजन बच्ची की सुरक्षित वापसी के लिए लगातार गुहार लगा रहे हैं.

