जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के कथित अपहरण का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है. छात्रा के पिता ने नारायणपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कांड संख्या 58/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

प्राथमिकी के अनुसार, छात्रा 20 मई की सुबह प्रतिदिन की तरह उच्च विद्यालय नारायणपुर जाने के लिए घर से निकली थी. लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंची और रास्ते से ही लापता हो गई. परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन के निर्देश पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई है. टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और छात्रा की सुरक्षित बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि 20 मई को सुबह स्कूल जाने के दौरान 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा लापता हुई थी. 22 मई को छात्रा के पिता द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. उन्होंने कहा कि पुलिस को छात्रा की लोकेशन से संबंधित कुछ अहम जानकारी मिली है और जल्द ही उसे सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



