सरायकेला: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आशियाना रोड में भाजपा नेता सपन दास के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. एसपी मुकेश कुमार लुणायत द्वारा एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने इस कांड में शामिल तीन अपराधियों को घटना में प्रयुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के बाद सभी को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान प्रेम कुमार सिंह उर्फ जानू, राजू उर्फ टकला और चंदन गोराई के रूप में हुई है. तीनों से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है. एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अपराधियों की मंशा दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलना था. इस घटना से इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश की गई थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का खुलासा कर लिया है और आगे की जांच जारी है. प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा.

