देवघर: श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है. 30 जुलाई से श्रावणी मेला अवधि तक जसीडीह और सुल्तानगंज रेलवे स्टेशनों पर कई मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव समय में अस्थायी वृद्धि की जाएगी. इसके अलावा चयनित ट्रेनों को सुल्तानगंज स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा तथा कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य (जनरल) श्रेणी के कोच भी जोड़े जाएंगे.



पूर्व रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक जसीडीह स्टेशन पर जिन मेल, एक्सप्रेस और यात्री ट्रेनों का निर्धारित ठहराव पांच मिनट से कम है, उनका ठहराव बढ़ाकर अधिकतम पांच मिनट तक किया जा सकेगा. हालांकि राजधानी, वंदे भारत, दुरंतो, जनशताब्दी, पूर्वा, गरीब रथ, हमसफर और अमृत भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों को इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है.
इसी प्रकार 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक सुल्तानगंज स्टेशन पर नामित दिनों में निर्धारित ट्रेनों के ठहराव समय में भी अस्थायी रूप से पांच मिनट तक की वृद्धि की जाएगी. साथ ही भागलपुर–अजमेर, मालदा टाउन–आनंद विहार, आनंद विहार–मालदा टाउन, अजमेर–भागलपुर तथा गया–कामाख्या और कामाख्या–गया साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेनों को दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा. इससे कांवड़ियों और अन्य यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में अधिक सुविधा मिलेगी.
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूर्व रेलवे ने मिथिला एक्सप्रेस, मोकामा एक्सप्रेस, गंगासागर एक्सप्रेस, सियालदह–बलिया एक्सप्रेस, मालदा टाउन–पटना एक्सप्रेस तथा मालदा टाउन–किऊल एक्सप्रेस सहित 12 ट्रेनों में श्रावणी मेला अवधि के दौरान अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त सामान्य द्वितीय श्रेणी (जनरल) कोच लगाने का निर्णय लिया है.
रेलवे का मानना है कि इन विशेष व्यवस्थाओं से श्रावणी मेले के दौरान जसीडीह, देवघर और सुल्तानगंज आने-जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं को यात्रा में अधिक सुविधा मिलेगी. साथ ही स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन को भी बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





