जामताड़ा: समाजसेवा और मानव कल्याण की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से विद्यासागर स्मृति रक्षा समिति के तत्वावधान में पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर की 135वीं पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार 29 जुलाई को करमाटांड़ स्थित नंदन कानन परिसर में सुबह 9 बजे से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. शिविर को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.



कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में रक्तदाताओं के पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, रक्त संग्रह, स्वयंसेवकों की तैनाती, स्वागत व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई. समिति ने सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने का निर्णय लिया.
बैठक में डॉ. दुर्गादास भंडारी, देबाशीष मिश्रा, एस.एन. सिन्हा, रंजना सिन्हा, मानस बंदोपाध्याय, स्वपन चौधरी, अवश कुमार बल, आशीष कुमार चटर्जी तथा कंचन गोपाल मंडल सहित समिति के कई सदस्य मौजूद रहे. सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया.
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर ने शिक्षा, समाज सुधार और मानव सेवा के क्षेत्र में अमिट योगदान दिया था. उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित यह रक्तदान शिविर उनके आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी. उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन दे सकता है.
समिति ने क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने और मानव सेवा के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





