जामताड़ा: श्रावण मास और श्रावणी मेला-2026 के मद्देनज़र जामताड़ा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि- व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने मंगलवार को जिला नियंत्रण कक्ष एवं डायल-112 का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.



निरीक्षण के दौरान एसपी ने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं पर की गई कार्रवाई की भी जानकारी ली.
एसपी ने निर्देश दिया कि श्रावणी मेला के दौरान मिलने वाली प्रत्येक सूचना और शिकायत पर बिना विलंब त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संवेदनशील स्थलों और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही संबंधित थाना एवं अधिकारियों को तत्काल अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
उन्होंने डायल-112 पर प्राप्त हर कॉल को गंभीरता से लेने, त्वरित रिस्पॉन्स देने और संबंधित थाना के माध्यम से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया. एसपी ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा जामताड़ा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला नियंत्रण कक्ष, पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी जामताड़ा, पुलिस केंद्र के परिचारी प्रवर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





