जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मंगलवार देर रात टेल्को थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी समेत सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. एसएसपी ने थाना की कार्यप्रणाली, रात्रि गश्त और कानून- व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए.


एसएसपी ने रात्रि में तैनात टैंगो मोबाइल, पीसीआर एवं थाना गश्ती दल को अधिक सक्रिय रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी करने वाले स्थानों, संदिग्ध गतिविधियों वाले इलाकों और असामाजिक तत्वों के संभावित जमावड़े पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके.
निरीक्षण के दौरान अवैध जुआ, लॉटरी और ड्रग्स के कारोबार पर विशेष चिंता जताते हुए एसएसपी ने ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
एसएसपी ने थाना स्तर पर प्रभावी पुलिसिंग, नियमित गश्त और त्वरित कार्रवाई पर जोर देते हुए कहा कि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जनता के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
औचक निरीक्षण के जरिए पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों पर नकेल कसने और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा.

