जामताड़ा शहर के सरखेलड़ीह मोहल्ले स्थित “मोबाइल सेवा” नामक दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये मूल्य के मोबाइल फोन और नगद राशि की चोरी कर ली. घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों और दुकानदारों में दहशत का माहौल है.

दुकानदार आलोक जैन ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पर मोबाइल रखने वाले कई रैक खाली दिखाई दिए. शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद चूहों के कारण मोबाइल नीचे गिर गए होंगे, लेकिन पास जाकर देखने पर एक भी मोबाइल नहीं मिला. इसके बाद दुकान की जांच करने पर पूर्वी दीवार में छोटा सा सेंध कटा हुआ मिला, जिससे चोरी की घटना का खुलासा हुआ.
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे दुकान का निरीक्षण किया. जांच के दौरान थाना प्रभारी ने बताया कि दीवार में बनाया गया छेद काफी छोटा है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए किसी छोटे बच्चे का इस्तेमाल किया हो. पुलिस के अनुसार छेद का आकार ऐसा था कि लगभग 10 वर्ष तक का बच्चा ही अंदर प्रवेश कर सकता था.
दुकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण पुलिस को जांच में अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. थाना प्रभारी ने दुकानदार को जल्द से जल्द दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगाने की सलाह दी.
मौके पर मौजूद मकान मालिक एवं समाजसेवी देवाशीष सरखेल ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग परेशान हैं. उन्होंने कहा कि गश्ती दल की मौजूदगी के बावजूद इस तरह की घटनाएं होना चिंता का विषय है और पुलिस को इस पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए.
दुकानदार के अनुसार आसपास खोजबीन करने पर रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. फिलहाल चोरी हुए मोबाइलों की कुल संख्या और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि कैश काउंटर में रखे करीब 55 हजार रुपये नगद भी चोर तोड़कर ले गए. घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भय और असुरक्षा का माहौल देखा जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
Report: Manish Baranwal



