बोकारो: जिले में रिक्त होमगार्ड और चौकीदार पदों पर स्थानीय युवाओं की बहाली की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया. युवाओं ने डीसी कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना देते हुए नारेबाजी की और जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई.



आंदोलन को उस समय और बल मिला जब डुमरी विधायक जयराम महतो धरनास्थल पहुंचे और युवाओं के साथ जमीन पर बैठकर उनके आंदोलन का समर्थन किया. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 की होमगार्ड बहाली में दूसरे जिलों के अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी गई, जबकि बोकारो के स्थानीय युवाओं की अनदेखी की गई.
धरनास्थल से ही विधायक जयराम महतो ने उपायुक्त से फोन पर बातचीत कर रिक्त पदों पर शीघ्र बहाली प्रक्रिया शुरू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि इन पदों पर नियुक्ति होती है तो यह जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए संजीवनी साबित होगी. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन ने पहल नहीं की तो इस मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा.
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीण क्षेत्र की युवतियों ने कहा कि पढ़ाई पूरी करने के बाद भी रोजगार नहीं मिल रहा है. बेरोजगारी के कारण परिवार अब शादी का दबाव बना रहे हैं. उन्होंने स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की.
वहीं प्रदर्शनकारी युवाओं ने कहा कि उनकी एकमात्र मांग है कि जिले के रिक्त होमगार्ड और चौकीदार पदों पर स्थानीय अभ्यर्थियों की पारदर्शी तरीके से बहाली की जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा.





