रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच तेज हो गई है. इसी कड़ी में मंगलवार को सीआईडी मुख्यालय में आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से कई घंटे तक मैराथन पूछताछ की गई. जांच अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया, निर्णय लेने की प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर उनसे विस्तार से सवाल- जवाब किए.



सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान सीआईडी ने अब तक जुटाए गए दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर कई अहम सवाल पूछे. जांच एजेंसी भर्ती प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों का मिलान कर पूरे मामले की परत-दर-परत जांच कर रही है.
बताया जा रहा है कि मंगलवार की पूछताछ के बाद सीआईडी ने एल. ख्यांगते को बुधवार को दोबारा मुख्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है. संभावना है कि बुधवार को भी उनसे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत पूछताछ की जाएगी.
गौरतलब है कि JPSC भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर सीआईडी पहले ही कई स्थानों पर छापेमारी कर चुकी है और इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है. अब जांच एजेंसी पूर्व अध्यक्ष से पूछताछ के जरिए भर्ती प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों और जिम्मेदारियों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.





