आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी. गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे अंडरपास के पास घर लौट रहे गोराई होटल के संचालक विशाल गोराई पर 8 से 10 की संख्या में पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. हमले में एक गोली विशाल गोराई की कमर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.



घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और घायल विशाल गोराई को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. देर रात अचानक हुई फायरिंग की आवाज से आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए.
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में मामला प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है. सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है.
पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों तक जल्द पहुंचा जा सके. पुलिस का दावा है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा.
जांच में जुटी पुलिस
देर रात व्यस्त मार्ग पर हुई इस वारदात ने क्षेत्र के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की घटना से अपराधियों के बढ़ते मनोबल का अंदाजा लगाया जा सकता है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





