जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित ग्वाला बस्ती में रंगदारी नहीं देने पर एक व्यापारी के घर पर फायरिंग और दुकान में तोड़फोड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बाबा फैंसी स्टोर के संचालक पवन पांडे के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे चार युवकों ने उनके आवास के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की और दुकान में तोड़फोड़ की. घटना के दौरान उनका पुत्र बाल-बाल बच गया, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों ने छिपकर अपनी जान बचाई. वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है.


पीड़ित व्यापारी ने प्रमोद दुबे और उसके साथियों पर रंगदारी को लेकर हमला करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि घटना की लिखित शिकायत थाने में दिए जाने के बावजूद 48 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
परिवार का दावा है कि पुलिस ने दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए पकड़ा था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया. व्यापारी ने एसपी से भी शिकायत कर आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ परिवार की सुरक्षा की मांग की है. घटना के बाद से दुकान बंद है और पूरा परिवार दहशत में है.
हालांकि रंगदारी मांगने के आरोप, संदिग्धों को पूछताछ के बाद छोड़े जाने और पुलिस जांच की वर्तमान स्थिति को लेकर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है.
आवासीय इलाके में फायरिंग जैसी गंभीर वारदात की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के दावे के बावजूद 48 घंटे तक गिरफ्तारी नहीं होने के आरोप पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहे हैं. अब निगाहें इस बात पर हैं कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक कब पहुंचती है और मामले का खुलासा कब तक होता है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

