गम्हरिया: आगामी त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फूड सेफ्टी ऑफिसर रीतेश कुमार के नेतृत्व में गम्हरिया में छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान ऊषा मोड़ स्थित राजस्थान स्वीट्स, श्रीराम स्वीट्स, मिल्क एंड मूज आइसक्रीम दुकान समेत अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया. टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, मिलावट की आशंका, साफ-सफाई और सैनिटेशन व्यवस्था की जांच की.


कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र अपडेट करने का निर्देश
जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों की मेडिकल जांच रिपोर्ट अद्यतन नहीं पाई गई. इस पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को सात दिनों के भीतर कर्मचारियों के अद्यतन मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त करने का निर्देश दिया गया. खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थ तैयार करने और परोसने वाले कर्मचारियों की स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं आवश्यक दस्तावेजों का अद्यतन रहना जरूरी है.
एक्सपायरी वैनिला सिरप मौके पर नष्ट
निरीक्षण के दौरान मिल्क एंड मूज आइसक्रीम प्रतिष्ठान में एक्सपायरी वैनिला सिरप पाया गया. टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त सिरप को मौके पर ही नष्ट करा दिया. साथ ही संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को भविष्य में एक्सपायरी खाद्य सामग्री का उपयोग या बिक्री नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई.
स्वच्छता मानकों का पालन करने की हिदायत
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के दौरान निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त करने के साथ ही प्रतिष्ठानों में उपयोग किए जाने वाले पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जल परीक्षण रिपोर्ट बनवाने की सलाह दी गई.
टीम ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों को हमेशा ढककर रखने तथा धूल, कीटाणुओं, कीड़ों और अन्य बाहरी तत्वों से होने वाले संदूषण से बचाने की हिदायत दी. इसके अलावा खाद्य पदार्थों को ढकने या परोसने के लिए अखबार का उपयोग नहीं करने का निर्देश दिया गया. विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना nhi सभी खाद्य कारोबारियों की जिम्मेदारी है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

