जामताड़ा: छठ पूजा के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सियालदह और सीतामढ़ी के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. इस ट्रेन के परिचालन से जामताड़ा जिले के यात्रियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है. ट्रेन का ठहराव आसनसोल मंडल के चित्तरंजन स्टेशन पर निर्धारित किया गया है.


रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 03143 सियालदह-सीतामढ़ी विशेष ट्रेन 11 और 18 नवंबर 2026 को सियालदह से रात 11:50 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 3:30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी.
वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 03144 सीतामढ़ी-सियालदह विशेष ट्रेन 12 और 19 नवंबर 2026 को सीतामढ़ी से शाम 5 बजे प्रस्थान करेगी. ट्रेन अगले दिन दोपहर 12:25 बजे सियालदह पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
दोनों दिशाओं में परिचालन के दौरान विशेष ट्रेन का ठहराव दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर होगा. यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे.
जामताड़ा के यात्रियों को चित्तरंजन जाना होगा
रेलवे के इस फैसले से छठ पूजा के बाद अपने गंतव्य की ओर लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी. हालांकि, जारी सूचना में जामताड़ा स्टेशन पर इस विशेष ट्रेन का ठहराव निर्धारित नहीं किया गया है. ऐसे में जामताड़ा के यात्रियों को इस ट्रेन से यात्रा करने के लिए चित्तरंजन, मधुपुर या अन्य निर्धारित ठहराव वाले स्टेशन तक पहुंचना होगा.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

