जमशेदपुर: शहर के सोनारी स्थित आदर्श सरकारी गृह निर्माण स्वावलंबी समिति लिमिटेड की 22वीं वार्षिक आमसभा गुरुवार शाम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में आयोजित की गई. यह आमसभा सोनारी गुरुद्वारा सभागार में संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में सदस्यों की भागीदारी देखने को मिली.

कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष धनंजय डे ने की, जबकि मुख्य कार्यकारिणी अधिकारी असीम कुमार स्वेन सहित निदेशक मंडल के कई सदस्य भी मौजूद रहे. आमसभा में ए.के. चौधरी, शमशुल होसैन, स्मिता दलाई, महेश्वरी दुबे, डॉ. एस.के. मिश्रा, विरोनिका तिर्की, एलम्मा एंथनी, नरपति गगराई, सस्मिता स्वेन, समरेश दास और युद्धवीर छिब्बर समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हुए.

सभा के दौरान पिछले छह महीनों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, जिस पर उपस्थित लगभग 550 सदस्यों ने सहमति जताई. निर्धारित एजेंडे के तहत पदाधिकारियों ने विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपनी राय और सुझाव साझा किए.
इस दौरान समिति के भविष्य की योजनाओं, विकास कार्यों और लंबित समस्याओं के समाधान पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया.
अध्यक्ष धनंजय डे ने सदस्यों को भरोसा दिलाया कि सभी लंबित समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा. वहीं, सीईओ असीम कुमार स्वेन ने क्षेत्र के निवासियों को बेहतर और सुविधाजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही.
करीब दो घंटे तक चली यह आमसभा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रही. अंत में डॉ. सूर्यकांत मिश्रा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया.

