जामताड़ा: शहर के सुमित्रा मार्केट स्थित सिद्धि ज्वेलर्स में बुधवार की शाम करीब 5:15 बजे ग्राहक बनकर पहुंचे दो युवकों ने दुकानदार को झांसा देकर करीब एक लाख रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण लेकर फरार हो गए. घटना श्रीकृष्ण वस्त्रालय के समीप स्थित प्रतिष्ठान की है. वारदात की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान में जुट गई.



दुकानदार दीनदयाल अग्रवाल के अनुसार, दोनों युवक दुकान में पहुंचे और कान के टॉप्स तथा मंगलसूत्र के पेंडेंट दिखाने को कहा. दुकानदार ने उन्हें कई आभूषण दिखाए. इसी दौरान दोनों ने कथित तौर पर दो पेंडेंट चुपके से गायब कर दिए. इसके बाद दोनों ने दो हजार रुपये दिए और कहा कि महिला रिश्तेदार को लेकर वापस आएंगे.
दोनों के दुकान से निकलने के बाद दुकानदार ने आभूषणों का मिलान किया तो दो पेंडेंट गायब मिले. उन्होंने तत्काल बाहर निकलकर दोनों की तलाश की, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे. दुकानदार के मुताबिक चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब एक लाख रुपये है.
बताया गया कि दोनों आरोपी अलग-अलग दिशाओं से दुकान में पहुंचे थे. एक व्यक्ति घूंघट साड़ी प्रतिष्ठान की ओर से, जबकि दूसरा पॉपुलर मेडिकल हॉल की तरफ से आया था. इनमें से एक ने सफेद शर्ट और सिर पर टोपी पहन रखी थी, जबकि दूसरा स्थानीय व्यक्ति जैसा दिखाई दे रहा था.
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. थाना प्रभारी के अनुसार, फुटेज में दोनों आरोपियों की तस्वीर कैद हुई है. फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





