चांडिल: मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत चांडिल प्रखंड क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. स्थानीय विधायक सविता महतो ने गुरुवार को 6 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से बनने वाली चार महत्वपूर्ण सड़कों का विधिवत शिलान्यास किया.

इस अवसर पर विधायक ने शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की शुरुआत की और कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करना प्राथमिकता में है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी सड़कों का निर्माण तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके.
परियोजना के तहत बनने वाली सड़कों में एनएच-32 से रावताड़ा तक 1.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण 1 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा. वहीं चांडिल डैम रोड स्थित मुखिया होटल से दियाडीह भाया बोराबिंधा तक 5.5 किलोमीटर लंबी सड़क 2 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से बनाई जाएगी.
इसके अलावा चौका-कांड्रा रोड के पालगम से रायडीह तक 2.6 किलोमीटर सड़क का निर्माण 1 करोड़ 91 लाख रुपये में किया जाएगा. वहीं काशीडीह मोड़ से मिरुडीह भाया सिंगाती तक 2 किलोमीटर सड़क 1 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से तैयार की जाएगी.
विधायक सविता महतो ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क और मजबूत होगा. इससे स्थानीय व्यापार, आवागमन और विकास गतिविधियों को नई गति मिलेगी.
शिलान्यास कार्यक्रम में झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए विधायक का आभार जताया.

