जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में सोमवार रात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है. इनमें से एक के पास से हथियार और कारतूस बरामद होने की बात सामने आई है. दोनों की पहचान विलियम और रॉबर्ट के रूप में हुई है.


जानकारी के अनुसार रात करीब 8:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पेट्रोल पंप के पीछे कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे शराब का सेवन कर रहे हैं और उनके पास हथियार भी हो सकता है. सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई.
बताया जा रहा है कि संदिग्धों को भनक न लगे, इसके लिए पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर विलियम और रॉबर्ट को हिरासत में ले लिया. तलाशी के दौरान विलियम के पास से एक हथियार और कारतूस मिलने की जानकारी सामने आई है.
दोनों युवकों को सिदगोड़ा थाना लाकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से आया और उसे रखने का उद्देश्य क्या था. साथ ही दोनों के आपराधिक इतिहास और किसी गिरोह से संभावित संबंध की भी जांच की जा रही है. पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

