जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब पुलिस लाइन में पदस्थापित एक सिपाही पारिवारिक विवाद से परेशान होकर थाना के सामने स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.



जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में कार्यरत बाबू लाल नामक सिपाही लंबे समय से पारिवारिक कलह के कारण मानसिक तनाव में था. इसी तनाव में उसने मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास किया.
सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना की पुलिस और उसके साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. काफी देर तक समझाने- बुझाने और धैर्यपूर्वक बातचीत के बाद पुलिसकर्मी उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रहे. पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई. मिडिया के सवाल पर सिपाही ने कहा जिंदगी से टूट चुका हूं अब जीने की हिम्मत नहीं है.
वैसे सुरक्षित नीचे उतारने के बाद सिपाही की स्वास्थ्य जांच कराई गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पारिवारिक विवाद के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है.
घटना के दौरान थाना परिसर के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही. स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि समय रहते पुलिस ने सिपाही की जान बचा ली और एक दुखद घटना होने से रोक दिया.





