जमशेदपुर: अपराध नियंत्रण के साथ जुआ और लॉटरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान एमजीएम थाना पुलिस ने ऑनलाइन जुआ संचालित करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने सिमुलडांगा स्थित एनएच-73 के किनारे एक सुनसान स्थान पर खड़ी अर्टिगा कार में छापेमारी कर तीनों को पकड़ा.


ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि पुलिस टीम गश्ती कर रही थी. इसी दौरान सुनसान स्थान पर खड़ी अर्टिगा कार पर पुलिस की नजर पड़ी. कार की जांच करने पर अंदर तीन युवक मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन लिंक पर कथित रूप से जुआ खेलते मिले. पुलिस के अनुसार युवक जुए से संबंधित स्कोर और हिसाब-किताब एक कॉपी में भी दर्ज कर रहे थे. पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों से ऑनलाइन जुआ के संचालन और आईडी- पासवर्ड के माध्यम से लेन-देन से जुड़ी जानकारियां मिली हैं.
विकास, रोहित और कृष्णा गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार महतो, रोहित गुप्ता उर्फ सेठबाज उर्फ बिट्टू और कृष्णा कर्मकार के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से कुल 1 लाख 18 हजार 490 रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार विकास कुमार महतो के पास से 97,920 रुपये, कृष्णा कर्मकार के पास से 10,570 रुपये और रोहित गुप्ता के पास से 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए.
दो आईफोन समेत चार मोबाइल और अर्टिगा जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो आईफोन समेत कुल चार मोबाइल फोन, एक अर्टिगा कार, सोने की चेन, सोने की अंगूठी, चांदी का ब्रेसलेट तथा जुए का हिसाब-किताब लिखी एक कॉपी भी जब्त की है. जब्त मोबाइल फोन में एक आईफोन-13 और एक आईफोन-17 प्रो मैक्स भी शामिल है.
मोबाइल और UPI ट्रांजेक्शन खंगाल रही पुलिस
ग्रामीण एसपी के अनुसार आरोपियों के मोबाइल फोन की प्रारंभिक जांच में ऑनलाइन जुआ, सट्टा और IPL गेम खेलने-खिलाने वाले नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं. मोबाइल में बैंक और UPI ट्रांजेक्शन से संबंधित स्क्रीनशॉट भी मिलने की बात पुलिस ने कही है.
अब पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही है. इसके आधार पर ऑनलाइन जुआ नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह का संचालन कहां से किया जा रहा था, आईडी-पासवर्ड कौन उपलब्ध करा रहा था और इसके पीछे मुख्य सरगना कौन है. मामले में आगे की जांच जारी है.

