जमशेदपुर: पुलिस ने साकची बाजार से लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची को सकुशल बरामद कर एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में कपाली निवासी एक दंपती को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने कथित तौर पर बच्ची को अपने पास रखने की नीयत से उसका अपहरण किया था.


बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी संदीप मीणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 26 मई 2026 को उलीडीह थाना क्षेत्र के हयात नगर निवासी इख्तियाज ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी तीन वर्षीय बेटी साकची बाजार से अचानक लापता हो गई है. बच्ची के गायब होने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया था और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी थी.

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार जांच आगे बढ़ाई. जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र स्थित पुटी गांव में छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान लापता बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया. वहीं मामले में कपाली निवासी अब्दुल जसीम उर्फ लखन (42) और उसकी पत्नी अफसाना बेगम (30) को गिरफ्तार किया गया. दोनों को पूछताछ के लिए जमशेदपुर लाया गया, जहां उन्होंने बच्ची को साकची बाजार से अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की.

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शादी के कई वर्षों बाद भी संतान नहीं होने के कारण दंपती ने बच्ची को अपने पास रखने की योजना बनाई थी. इसी मकसद से बच्ची को साकची बाजार से ले जाकर पश्चिम बंगाल में रखा गया था, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो.
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक इनफिनिक्स और एक रेडमी नोट-5 प्रो मोबाइल फोन भी जब्त किया है. दोनों मोबाइल फोन को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सिटी एसपी संदीप मीणा ने बताया कि बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है. वहीं इस मामले के सफल खुलासे को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
Edited By Sarita Mahato

