जमशेदपुर: कमलपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना के बाद कथित गोवंश तस्करी का मामला उजागर होने से इलाके में चर्चा का माहौल है. बांगुड़दा साहेब बांध के समीप दुर्घटनाग्रस्त हुई एक स्कॉर्पियो से दो गोवंश बरामद किए गए हैं, जबकि वाहन में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए.


जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना के बाद वाहन चालक और उसके साथ मौजूद अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर घटनास्थल से भाग निकले. सुबह जब ग्रामीणों की नजर क्षतिग्रस्त वाहन पर पड़ी तो उन्हें कुछ संदिग्ध लगा. पास जाकर देखने पर वाहन के भीतर दो गायें बेहद संकुचित अवस्था में बंधी हुई मिलीं.
घटना की सूचना तत्काल कमलपुर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें गौशाला भेज दिया गया.
ग्रामीणों का दावा है कि दुर्घटनास्थल पश्चिम बंगाल की सीमा के काफी नजदीक है. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि गोवंशों को तस्करी के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था. हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में आधिकारिक तौर पर जांच पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है.
पुलिस अब वाहन के चालक, मालिक और फरार लोगों की पहचान करने में जुटी है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं.
गौरतलब है कि पूर्वी सिंहभूम और आसपास के इलाकों में पहले भी विभिन्न वाहनों के माध्यम से गोवंशों की अवैध ढुलाई और तस्करी के आरोपों से जुड़े मामले सामने आते रहे हैं. बावजूद इसके इस तरह की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के सामने चुनौती बनी हुई है.
Edited By Sarita Mahato

